अमेठी की होनहार बेटियों का सम्मान, NEET (UG) 2026 में सफलता पर व्यापार मंडल ने दी बधाई
अमेठी। अमेठी नगर पंचायत की दो होनहार बेटियों कुमारी नंदिनी भलोटिया और कुमारी साहिबा बानो ने NEET (UG) 2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, जनपद अमेठी के जिलाध्यक्ष एवं भाजपा नेता महेश सोनी तथा नगर पंचायत के पूर्व प्रत्याशी लक्ष्मी सोनी ने छात्राओं के आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर दोनों छात्राओं के परिवारजनों को भी बधाई देते हुए महेश सोनी ने कहा कि बेटियों की यह सफलता पूरे अमेठी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों छात्राएं अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देंगी तथा समाज और देश का नाम रोशन करेंगी।
महेश सोनी ने ईश्वर से दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनती हैं।
इस मौके पर व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील जायसवाल सहित हिमांशु अग्रवाल, संदीप अग्रहरि, पवन वैश्य, हिमांशु कसौधान, सोनू कसौधान, राज वैश्य, राहुल लहिया एवं कमल अग्रहरी सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अमेठी से दिनेश गुप्ता एमडी न्यूज़


