रिपोर्ट-स्वामीनाथ कुमार
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे साइबर हॉटस्पॉट अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना, एसओजी और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने सोनौली थाना क्षेत्र से साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी सक्रिय सिम कार्ड उपलब्ध कराकर संगठित गिरोह के माध्यम से लोगों को फोन करते थे और आकर्षक प्रलोभन देकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 7 सक्रिय सिम कार्ड, 3 निष्क्रिय सिम कार्ड, 79 नए निष्क्रिय सिम कार्ड तथा 3 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील, रोहित कुमार और मोहम्मद अकील निवासी जनपद खीरी के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, भारतीय दूरसंचार अधिनियम-2023 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को साइबर क्राइम थाना, एसओजी और स्वाट टीम की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।
महराजगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या लालच भरे ऑफर पर विश्वास न करें और साइबर ठगी की आशंका होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
