
काशी नवरत्न अलंकरण से सम्मानित हुए 17 विशिष्ट जन, रविशंकर शर्मा के योगदान को मिला विशेष सम्मान
गुरु कृपा फाउंडेशन के समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, लोक गायिका रंजना राय की कजरी ने बांधा समां
वाराणसी। गुरु कृपा फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को प्रहलाद घाट स्थित बाल विश्वविद्यालय में आयोजित भव्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 17 विशिष्ट विभूतियों को ‘काशी नवरत्न अलंकरण’ से सम्मानित किया गया। समारोह में रविशंकर शर्मा को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रूप से काशी नवरत्न सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में लक्ष्मी मेडिकल के प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक राय, पॉपुलर हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. ए.के. कौशिक, संगत चेतन मठ के महंत संत बलविंदर सिंह तथा बाल विश्वविद्यालय के निदेशक मंजुल पांडेय उपस्थित रहे। अतिथियों ने सम्मानित विभूतियों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम संयोजक मिलन श्रीवास्तव ने बताया कि सम्मानित होने वालों में लोक गायिका रंजना राय, शिखा श्रीवास्तव, रविंद्र नाथ मिश्र, कैलाश प्रकाश मौर्य, रविशंकर शर्मा, उषा रानी, अमित सराफ, नरसिंह दास चांदीवाला, रीना सिंह, सुनैना केसरी, निकिता चौरसिया, विजेता सचदेवा, डॉ. शिवानी श्रीवास्तव, प्रवीण कुमार, डॉ. ध्वनि जायसवाल, पंडित अभिषेक द्विवेदी और मेघा प्लास शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ चक्रवर्ती विजय नावड के मंगलाचरण से हुआ। इस अवसर पर लोक गायिका रंजना राय ने अपनी सुमधुर कजरी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों का स्वागत बाल विश्वविद्यालय के निदेशक मंजुल पांडेय एवं ज्योतिष एवं वास्तु विशेषज्ञ पंडित प्रकाश मिश्र ने किया। संचालन चक्रवर्ती विजय नावड ने किया। समारोह में इंडियन एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कैलाश सिंह विकास सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
