
स्नातक एमएलसी चुनाव: भारतीय जन जागरण समिति ने डॉ. बेनी माधव मिश्र को बनाया प्रत्याशी
सारनाथ से चुनावी अभियान का आगाज, नेताओं ने कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह
वाराणसी। आगामी स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भारतीय जन जागरण समिति ने अपनी चुनावी तैयारियों का औपचारिक आगाज करते हुए महा बोधी इंटर कॉलेज, सारनाथ के पूर्व प्रधानाचार्य एवं शिक्षाविद् डॉ. बेनी माधव मिश्र को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
सारनाथ स्थित गैलरी लॉन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. बेनी माधव मिश्र ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी हुंकार भरते हुए जनसमर्थन का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संगठन की नीतियों और चुनावी रणनीति पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम में भारतीय जन जागरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष आनंद कंद चौबे, वी.के. सिंह, प्रख्यात साहित्यकार नीरजा माधव तथा महिला अध्यक्ष कुमकुम श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में डॉ. बेनी माधव मिश्र को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त होगा।
