नरेश ओमर पत्रकार ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर

फतेहपुर। जिले के राधानगर थाना क्षेत्र में एक महिला के संदिग्ध रूप से लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के परिजनों ने उसके पति पर हत्या कर शव गायब करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम धारीपुर औरई, थाना थरियांव निवासी महावीर ने बताया कि उनकी लगभग 18 वर्षीय पुत्री पुष्पा देवी को ग्राम मिश्रापुर निवासी गंगासागर 11 अप्रैल 2025 को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस संबंध में थरियांव थाने में शिकायत भी की गई थी।
महावीर का आरोप है कि बाद में जानकारी मिली कि उनकी पुत्री राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्रापुर में गंगासागर के साथ किराए के मकान में रह रही थी। उन्होंने वहां जाकर पुत्री से मुलाकात भी की थी। परिजनों के अनुसार, पुष्पा देवी की अपनी बड़ी बहन शिव देवी से नियमित बातचीत होती थी और 16 जून 2026 को दोनों की आखिरी बार फोन पर बात हुई थी।
परिजनों का कहना है कि पिछले लगभग 15 दिनों से पुष्पा देवी का कोई पता नहीं चल रहा है। वहीं, आसपास के क्षेत्र में यह चर्चा है कि गंगासागर ने उसकी हत्या कर शव को गायब कर दिया है। जब परिजन गंगासागर से पूछताछ करने पहुंचे तो उसने महिला के कहीं चले जाने की बात कही, लेकिन परिजनों ने इस पर संदेह जताया है।
पीड़ित पिता ने राधानगर थाने में तहरीर देकर पुत्री की गुमशुदगी दर्ज करने, गंगासागर से पूछताछ करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर महिला का पता लगाने की मांग की है। पुलिस द्वारा युवक को विरासत पर लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
