MD न्यूज़
जिला महाराजगंज
रिपोर्टर स्वामीनाथ कुमार

बाढ़ की आशंका को लेकर प्रशासन अलर्ट, एडीएम ने निचलौल के संवेदनशील गांवों और तटबंधों का किया निरीक्षण –
महराजगंज – संभावित बाढ़ की चुनौती को देखते हुए महराजगंज जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने तहसील निचलौल के बाढ़ प्रभावित और अति संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ पूर्व तैयारियों का जायजा लिया।
एडीएम ने गेडहवां, कमनिसवा, ठूठीबारी सहित विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ शरणालयों, पशु शरणालयों, बाढ़ चौकियों और राहत एवं बचाव संसाधनों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी बाढ़ चौकियों पर नाव, लाइफ जैकेट, प्राथमिक उपचार सामग्री, संचार उपकरण और अन्य जरूरी संसाधन हर समय उपलब्ध और क्रियाशील रहें।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर बाढ़ के दौरान सावधानी बरतने, समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने और प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट का पालन करने की अपील की। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की बात कही।
इसके बाद गेडहवां से ठूठीबारी के बीच स्थित तटबंधों का निरीक्षण किया गया। संवेदनशील स्थलों और संभावित कटान क्षेत्रों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को तटबंधों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की क्षति, रिसाव या कटान की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
SDRF-SSB की RRT के साथ समन्वय बैठक
निरीक्षण के अंत में एसडीआरएफ और एसएसबी की रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभावित बाढ़ के दौरान खोज एवं बचाव अभियान, राहत वितरण, निकासी योजना, संचार व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
एडीएम ने सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जन-धन और पशुधन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ पूर्व तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखते हुए संभावित बाढ़ से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी की जा रही है।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *