एसडीएम गोला को ज्ञापन सौंपकर ध्वस्तीकरण आदेश निरस्त करने और नियमानुसार वैधानिक समाधान की मांग

MD news/मोहम्मद अशफाक

*गोला गोकर्णनाथ/लखीमपुर खीरी।
रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण के मामले में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने छात्रहित में आवाज बुलंद की है। पार्टी के गोला नगर अध्यक्ष अफरोज खान के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी गोला गोकर्णनाथ को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण संबंधी आदेश को निरस्त करने तथा मामले का नियमानुसार वैधानिक समाधान किए जाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय सभी वर्गों और समुदायों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान है। यहां बड़ी संख्या में गरीब एवं कमजोर वर्गों के छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय की इमारतों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से हजारों विद्यार्थियों की शिक्षा और उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

AIMIM नेताओं ने कहा कि यदि निर्माण से संबंधित कोई तकनीकी अथवा नियामकीय कमी है तो उसका समाधान सीधे ध्वस्तीकरण के बजाय कानून के तहत रेगुलराइजेशन, विकास शुल्क अथवा संयोजन शुल्क के माध्यम से किया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय के निर्माण के समय संबंधित क्षेत्र रामपुर विकास प्राधिकरण के परिक्षेत्र में शामिल नहीं था, इसलिए मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है।

प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा के अधिकार तथा अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि शैक्षिक सत्र के दौरान किसी बड़े शिक्षण संस्थान के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। पार्टी ने सरकार और संबंधित विभागों से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए ध्वस्तीकरण आदेश पर रोक लगाने तथा कानून के दायरे में स्थायी समाधान निकालने की मांग की।

इस अवसर पर जिला प्रवक्ता मोहम्मद अशफाक, जिला महासचिव आजाद खान, यूथ गोला नगर अध्यक्ष सोनू खान, देवेंद्र सिंह,चमन, गोला नगर उपाध्यक्ष रजी सर, गोला नगर उपाध्यक्ष अफजल, सलीम अंसारी, रेसु खान, गोला नगर महासचिव असलम, कुम्भी ब्लाक अध्यक्ष मुबारक, महासचिव नदीम,अबरार, बांकेगंज ब्लॉक अध्यक्ष सारिक खान, विधानसभा उपाध्यक्ष शुऐब,समीर अंसारी, अन्ना, फाजिल,रहीमुद्दीन अंसारी, कलीमुल्ला, गोला नगर यूथ उपाध्यक्ष *शादाब तथा गोला नगर सचिव सलमान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

AIMIM जिला प्रवक्ता मोहम्मद अशफाक ने कहा कि शिक्षा के इस महत्वपूर्ण संस्थान को बचाने के लिए पार्टी हर लोकतांत्रिक और संवैधानिक मंच पर आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक कमी का समाधान विद्यार्थियों की शिक्षा बाधित करके नहीं, बल्कि कानून के दायरे में निकाला जाना चाहिए।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *