धर्मेन्द्र कसौधन/राष्ट्रीय ब्यूरो
कुशीनगर।जनपद के चौराखास थाना अंतर्गत खैरटिया स्थित संविलियन पूर्व माध्यमिक विद्यालय में महान स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद जी की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता एवं कार्यक्रम संयोजक चंद्रेश शास्त्री ने कहा, “मध्य प्रदेश के एक साधारण ब्राह्मण परिवार में जन्मे चंद्रशेखर आजाद का देश की आजादी के लिए दिया गया बलिदान भारत के युवाओं के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।” उन्होंने कहा कि बाल्यकाल में मां गंगा के तट पर संस्कृत का अध्ययन करते समय ही परतंत्र भारत की पीड़ा देखकर चंद्रशेखर तिवारी ने संकल्प लिया था कि वे भारत माता को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त कराएंगे। इसी संकल्प के लिए उन्होंने आजीवन संघर्ष किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चौराखास थाना के एसआई अरविंद कुमार ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि देश के क्रांतिवीरों का स्मरण युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करता है। युवाओं को सदैव अपने देश के अमर शहीदों के पदचिह्नों पर चलना चाहिए।

चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए एक चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें 9 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता में शामिल सभी सहभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में पूर्व माध्यमिक विद्यालय खैरटिया के प्रधानाचार्य लक्ष्मण राय ने उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मिशन शक्ति स्टाफ (थाना चौराखास) से प्रमोद कुमार, मुंशी अंशुमन गौड़, विद्यालय के प्रधानाचार्य लक्ष्मण राय तथा समस्त शिक्षक गण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
