श्रावण मास की तैयारियां तेज: वाराणसी में 5 जोन, 15 सेक्टर में बंटेगी सुरक्षा व्यवस्था, 5000 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक किया निरीक्षण, कांवड़ यात्रा और यातायात प्रबंधन को लेकर दिए अहम निर्देश

वाराणसी, आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने गुरुवार को गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक पैदल भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
श्रावण मास में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पूरे शहर को पांच जोन और 15 सेक्टर में विभाजित किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पांच आईपीएस अधिकारियों, 50 राजपत्रित अधिकारियों तथा करीब 5000 पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। विशेषकर श्रावण सोमवार और महाशिवरात्रि पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर सहित प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षा और प्रभावी भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग और खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि सीसीटीवी कैमरों और ‘त्रिनेत्र’ प्रणाली के माध्यम से पूरे शहर की हाईटेक निगरानी की जाएगी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और रेलवे स्टेशन पर कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग होगी।
गंगा घाटों पर जल पुलिस, पीएसी, बाढ़ राहत दल और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती रहेगी। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए डीप वाटर बैरिकेडिंग भी की जाएगी।
कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज से मोहनसराय तक एक लेन आरक्षित रहेगी। मार्ग पर अस्थायी पुलिस बूथ, विश्राम स्थल और चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक चार किलोमीटर पर पीआरवी अथवा फैंटम टीम तैनात रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। वहीं डीजे संचालन भी न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही होगा।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं संबंधित थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *