
यूपी-112 की हर पीआरवी बने ‘चलता-फिरता सहायता केंद्र’ : पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल

05 मिनट 26 सेकेंड के औसत रिस्पॉन्स टाइम और 94% जनसंतुष्टि पर कर्मियों की सराहना, उत्कृष्ट टीमों को मिलेगा मासिक सम्मान
वाराणसी, 23 जुलाई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में यूपी-112 के पुलिसकर्मियों के साथ समीक्षा बैठक कर सेवा गुणवत्ता, रिस्पॉन्स टाइम और जनसंतुष्टि की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट वाराणसी की प्रत्येक पीआरवी को “चलता-फिरता सहायता केंद्र” बनना चाहिए, जहां नागरिकों को हर परिस्थिति में त्वरित, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा मिले।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि उनकी सतत मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप कमिश्नरेट वाराणसी की यूपी-112 प्रदेशीय रैंकिंग में लगातार शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। वर्तमान में औसत रिस्पॉन्स टाइम 5 मिनट 26 सेकेंड तथा जनसंतुष्टि स्तर 94 प्रतिशत है, जो टीम की दक्षता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि यूपी-112 आज देश में आपातकालीन पुलिस सेवा का एक आदर्श मॉडल बन चुकी है। वर्ष 2016 और 2021 में इसके विकास के दौरान वर्किंग एवं टेक्निकल कमेटी के सदस्य के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कर्मियों को फर्स्ट रिस्पांडर की भूमिका और अधिक प्रभावी ढंग से निभाने का आह्वान किया।
बैठक में पीआरवी कर्मियों को वर्दी, बॉडी लैंग्वेज, व्यवहार और कार्यशैली को पेशेवर एवं नागरिक हितैषी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही ड्यूटी के दौरान यातायात जाम, संदिग्ध गतिविधियों अथवा किसी आपराधिक घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने को तत्काल अवगत कराने और सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम 9 मिनट के भीतर सुनिश्चित किया जाए। 10 मिनट से अधिक विलंब होने पर संबंधित कर्मियों की समीक्षा, काउंसलिंग तथा आवश्यकतानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पीआरवी टीमों को प्रत्येक माह एक-एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक के दौरान थाना चितईपुर की पीआरवी-0612 को उत्कृष्ट कॉलर संतुष्टि के लिए विशेष रूप से सराहा गया, जबकि थाना मिर्जामुराद की पीआरवी-0615 की कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन एवं यूपी-112 प्रभारी सुश्री नीतु सहित यूपी-112 के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
