कपसेठी पुलिस ने 24 घंटे में सकुशल बरामद की 10 वर्षीय बालिका, मुगलसराय से परिजनों को सौंपा

पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकली थी बालिका, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने खोज निकाला

वाराणसी, थाना कपसेठी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और अनुकरणीय दक्षता का परिचय देते हुए घर से नाराज होकर निकली 10 वर्षीय बालिका को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुत्री के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को ग्राम जम्मनपुर (उपरवार) निवासी संदीप राय ने थाना कपसेठी में सूचना दी कि उनकी 10 वर्षीय पुत्री सोनाली बिना बताए घर से कहीं चली गई है। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर तत्काल खोजबीन शुरू की।
थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय लोगों से पूछताछ की, तकनीकी साक्ष्य जुटाए तथा सोशल मीडिया के माध्यम से बालिका की तलाश तेज की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बालिका को चंदौली जनपद के मुगलसराय जंक्शन से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थी और ट्रेन से मुगलसराय पहुंच गई थी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक मधुसूदन त्रिपाठी, शशांक, विनय, मेघा सोलंकी, प्रवीण, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र तथा महिला आरक्षी माला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *