MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख
रिपोर्ट: रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
मुजफ्फरनगर


मुजफ्फरनगर
नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं के आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को मुजफ्फरनगर तहसील प्रांगण में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) द्वारा एक महाधरना एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर छात्रों के समर्थन में आवाज़ बुलंद की तथा सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति एवं राज्यपाल तक पहुंचाने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों की आवाज़ को दबाया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं युवाओं पर बल प्रयोग किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।
राष्ट्रीय सचिव विकास अंबेडकर डूंगर (जनपद मुजफ्फरनगर) ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती बेरोज़गारी और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से उठाई गई आवाज़ को सम्मान मिलना चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक नवाज़ुद्दीन, भंते जी सहित आज़ाद समाज पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संविधान, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए लोगों से एकजुट रहने की अपील की।
धरने के दौरान वक्ताओं ने जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच कराने, छात्रों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने तथा शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी उठाई।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया तथा उपस्थित लोगों ने “जय भीम, जय संविधान, जय भारत” के नारों के साथ धरना समाप्त किया।
