रिपोर्टर: विनीत तिवारी
लखीमपुर खीरी।

मितौली विकासखंड के ग्राम दतेली स्थित गौशाला से बेहद चिंताजनक तस्वीरें सामने आई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गौशाला में भूख और उचित देखरेख के अभाव में करीब आधा दर्जन गौवंश मृत अवस्था में पड़े मिले। मौके पर कई मृत गौवंश पड़े होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला में न तो चारे की समुचित व्यवस्था दिखाई दे रही है और न ही पशुओं की नियमित देखभाल की जा रही है। उनका आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण गौवंशों की यह दर्दनाक स्थिति हुई है।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते गौशाला की व्यवस्था पर ध्यान दिया गया होता, तो इन बेजुबान गौवंशों की जान बचाई जा सकती थी।

यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह गौशालाओं की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं।

42 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *