अनिल यादव मवई अयोध्या एम डी न्यूज

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली में सोमवार को 100 टीबी (क्षय रोग) मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम में सीएचसी अधीक्षक डॉ. रवींद्र कुमार शुक्ला ने अपने निजी व्यय से मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर अभियान में सहभागिता निभाई। इस दौरान विधायक रामचंद्र यादव और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भदौरिया ने मरीजों को पोषण पोटली वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ. रवींद्र कुमार शुक्ला ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से उबरने के लिए दवाओं के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार भी अत्यंत आवश्यक है। मरीजों के पोषण स्तर में सुधार और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है, जिससे उपचार के बेहतर परिणाम मिल सकें। प्रत्येक पोषण पोटली में आधा किलो सत्तू, एक किलो गुड़, एक किलो मूंगफली दाना तथा आधा किलो भुना चना शामिल था। चिकित्सकों ने मरीजों से नियमित रूप से दवा लेने, पौष्टिक भोजन करने और इलाज बीच में न छोड़ने की अपील की।
विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता का भी अभियान है। उन्होंने कहा कि टीबी को पूरी तरह हराने के लिए मरीजों को समय पर दवा, पौष्टिक आहार और समाज का सहयोग मिलना जरूरी है। जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों और समाज के सभी वर्गों को इस अभियान में आगे आकर योगदान देना चाहिए, तभी देश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य समय से पूरा हो सकेगा।
इस अवसर पर क्षय रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप शुक्ला, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
