लखनऊ। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 88वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को 91वीं वाहिनी रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ), बिजनौर (लखनऊ) परिसर में वृक्षारोपण, शहीदों को श्रद्धांजलि और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कमांडेंट जितेन्द्र कुमार ओझा के नेतृत्व में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

समारोह की शुरुआत सीआरपीएफ के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान बल की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, त्याग और राष्ट्रसेवा को नमन किया गया। कमांडेंट जितेन्द्र कुमार ओझा ने अधिकारियों और जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीआरपीएफ देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।

कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वाहिनी परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कमांडेंट ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वृक्षारोपण भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।

इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर अभिषेक कुमार पाण्डेय, द्वितीय कमान अधिकारी सोहन सिंह, उप कमांडेंट गीता यादव एवं विवेक कुमार, एसएमओ डॉ. अभिषेक पाण्डेय, थाना बिजनौर के प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम, चौकी प्रभारी आनंद प्रताप सिंह सहित आरएएफ के अधिकारी, महिला कार्मिक, जवान और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

समारोह में मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों ने 91वीं वाहिनी आरएएफ द्वारा पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रसेवा के प्रति किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

रिपोर्ट मो. शाबान ब्यूरो चीफ लखनऊ

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *