बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति में यूरिया खाद की कालाबाजारी का आरोप, किसानों ने किया विरोध!

सीतापुर। विकास खंड ऐलिया स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड, सहादत नगर में किसानों को निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर यूरिया खाद बेचे जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि समिति पर सचिव प्रेम सागर के भतीजे द्वारा किसानों को यूरिया खाद निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेची जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, जब किसानों ने खाद की अधिक कीमत वसूले जाने का विरोध किया, तो कथित रूप से उन्हें जवाब दिया गया, “जिससे कहना है, उससे कह दो। खाद की बोरी ₹275 में ही मिलेगी। लेना है तो लो, नहीं तो कहीं और जाकर ले लो।”

इस कथित व्यवहार से किसानों में भारी नाराजगी देखी गई। किसानों का कहना है कि सहकारी समिति का उद्देश्य उन्हें सरकारी दरों पर खाद उपलब्ध कराना है, लेकिन यदि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की जा रही है तो यह किसानों के हितों के साथ अन्याय है।

किसानों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा सरकारी निर्धारित दर पर ही यूरिया खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *