मितौली क्षेत्र के एक गांव में बिज्जू की दहशत बरकरार: वन विभाग दो जंगली बिज्जू पकड़ चुका, ग्रामीणों का दावा—अभी पांच और हैं

रिपोर्टर आकाश मिश्र
बहुआयामी समाचार

मितौली खीरी,30 जुलाई 2026। लखीमपुर खीरी जनपद की मितौली तहसील के अंतर्गत ग्राम पिपरझला में जंगली बिज्जू को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार गांव और आसपास के खेतों में लगातार बिज्जू दिखाई दे रहे हैं, जिससे लोग भय के साये में जीवन यापन कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग अब तक दो बिज्जू को सुरक्षित पकड़कर ले जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद गांव में जंगली जानवरों की मौजूदगी बनी हुई है। ग्रामीणों का दावा है कि अभी भी करीब पांच बिज्जू आसपास के क्षेत्र में हैं। हालांकि, इस संख्या की वन विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

गांव के लोगों का कहना है कि गाँव के ही अशोक शुक्ला के घर के सामने खड़े पीपल के पेड़ के पास इन जंगली जानवरों का ठिकाना होने की आशंका है। इसी कारण आसपास के खेतों में काम करने वाले किसान, पशुपालक तथा ग्रामीण लगातार सतर्कता बरत रहे हैं। शाम होते ही लोग बच्चों को घरों के भीतर रहने की सलाह दे रहे हैं और अकेले खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं।

बरसात के मौसम में झाड़ियों और खेतों में हरियाली बढ़ने के कारण जंगली जीव भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी के करीब पहुंच रहे हैं। इससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पूरे क्षेत्र में सघन तलाश अभियान नहीं चलाया गया तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना हो सकती है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि अशोक शुक्ला के पीपल के पेड़ के आसपास और गांव के बाहरी हिस्सों में विशेष निगरानी रखी जाए, संभावित ठिकानों की जांच की जाए तथा यदि अन्य बिज्जू मौजूद हों तो उन्हें भी सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा जाए।

फिलहाल पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण वन विभाग से लगातार निगरानी तथा शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए हैं।

19 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *