चरखारी (महोबा)। लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही के चलते पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा रिवई-छानी मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क का करीब पौने दो किलोमीटर हिस्सा आज भी निर्माण की प्रतीक्षा में है, जिससे दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

रिवई, संतोषपुरा, छानी, दबका, जरौली, सबुआ सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों के लिए राठ से कबरई जाने का सबसे छोटा मार्ग रिवई-छानी सड़क है। इस मार्ग की कुल लंबाई लगभग पौने पांच किलोमीटर है। वर्ष 2023 में लोक निर्माण विभाग ने लगभग 214.76 लाख रुपये की लागत से केवल तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया था, जबकि शेष पौने दो किलोमीटर सड़क आज तक अधूरी पड़ी है।

बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। सड़क पर घुटनों तक पानी और कीचड़ भर जाने से पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों को मजबूरन लगभग 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।

ग्रामीण बलराम सिंह, रामदास अहिरवार, शिवपाल यादव और सत्येंद्र सिंह ने बताया कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के जेई विनोद कुमार ने बताया कि शेष सड़क निर्माण के लिए कार्ययोजना शासन को भेजी जा चुकी है। स्वीकृति मिलते ही अधूरे हिस्से का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि सड़क का शेष भाग शीघ्र नहीं बनाया गया तो लोगों की समस्याएं और बढ़ेंगी। अब सभी की निगाहें शासन और लोक निर्माण विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।

रिपोर्ट: अरबाज हाशमी
जिला ब्यूरो चीफ, महोबा (उत्तर प्रदेश)
MD News

8 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed