सांकेतिक धरना-प्रदर्शन में शिक्षकों ने जताया आक्रोश, डीआईओएस ने 7 अगस्त से पहले लंबित समस्याओं के निस्तारण का दिया भरोसा

अयोध्या। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पाण्डेय गुट) के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जनपदीय जिला कार्यकारिणी के तत्वावधान में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, अयोध्या पर एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने में शिक्षकों ने माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं और लंबे समय से लंबित शिक्षक समस्याओं को लेकर जमकर आवाज बुलंद की।

धरने की अध्यक्षता प्रदेश मंत्री एवं जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र बहादुर सिंह ने की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने विभागीय स्तर पर लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाते हुए कहा कि शिक्षक हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

धरना-प्रदर्शन के दौरान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और संगठन के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने संगठन को आश्वस्त किया कि जनपद स्तर पर लंबित सभी समस्याओं का निस्तारण प्रस्तावित 7 अगस्त से पूर्व कर दिया जाएगा। डीआईओएस के इस आश्वासन का संगठन के पदाधिकारियों ने स्वागत किया और उम्मीद जताई कि विभागीय स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए अब प्रभावी कार्रवाई होगी।

धरने के दौरान संगठन ने स्पष्ट चेतावनी भी दी। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि जनपद स्तर की लंबित समस्याओं का 7 अगस्त तक समाधान नहीं किया गया, तो संगठन उसी दिन पुनः जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगा।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों के हितों और सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शिक्षक हितों की रक्षा के लिए संगठन सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
धरने में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री अमरनाथ सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष तहसीलदार सिंह, जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष सर्वेन्द्र विक्रम सिंह, नगर अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता, नगर मंत्री अक्षतेश्वर प्रसाद दूबे, उपाध्यक्ष डॉ. रंजीत सिंह, कोषाध्यक्ष दिनेश चन्द्र, जिला संगठन मंत्री रणधीर सिंह, जिला मंत्री रवीन्द्र कुमार, गोपाल जी, आशीष सिंह, कार्यकारी सदस्य चंद्रकमल वर्मा, जयप्रकाश चौरसिया, सुरेश सिंह, अंजनी कुमार यादव, वरिज नयन शर्मा, पंकज पाल, राजकुमार, मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रधानाचार्य सुशील कुमार सिंह (चन्द्रशेखर आज़ाद इंटर कॉलेज, ननसा) तथा प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह (जनता इंटर कॉलेज, जैसिंहमऊ) की भी धरने में प्रमुख उपस्थिति रही।

धरना-प्रदर्शन के माध्यम से शिक्षक संघ ने स्पष्ट कर दिया कि लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर संगठन अब आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार है। अब सभी की निगाहें 7 अगस्त से पहले होने वाले समस्याओं के निस्तारण पर टिकी हैं।

36 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *