धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
निचलौल, महराजगंज। श्रावण मास एवं चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने को लेकर निचलौल थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। ये बैठक नवागत थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार राय के नेतृत्व में सम्पन्न हुई, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने सहभागिता की।
कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों की खैर नही
बैठक में आगामी धार्मिक पर्वों के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि सभी लोग आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।
नवागत थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार राय ने कहा कि श्रावण मास और चेहल्लुम दोनों ही महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर हैं। ऐसे में सभी समुदायों के लोगों की जिम्मेदारी है कि वे एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, विवाद या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में जुलूस एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी, साफ-सफाई, बिजली एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा हुई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि निर्धारित मार्ग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आयोजन में अनावश्यक भीड़ या ऐसी गतिविधि न की जाए, जिससे दूसरे समुदाय के लोगों को असुविधा हो।
सोशल मीडिया पर विशेष नजर
पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की आपत्तिजनक पोस्ट, अफवाह अथवा भड़काऊ संदेश को आगे प्रसारित न करें। यदि किसी व्यक्ति द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

गंगा जमुनी तहजीब कायम की अपील
बैठक में मौजूद संभ्रांत नागरिकों और धर्मगुरुओं ने पुलिस प्रशासन को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निचलौल क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की परंपरा को कायम रखते हुए सभी पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाएंगे।
पुलिस लगातार करेगी भ्रमण
बैठक के अंत में पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की समस्या होने पर कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने आश्वासन दिया कि पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त सतर्कता बरती जाएगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार भ्रमण एवं निगरानी करेगी।बैठक का मुख्य उद्देश्य श्रावण मास और चेहल्लुम के दौरान निचलौल क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द का माहौल कायम रखना रहा।
