मव‌ई क्षेत्र के नगर पंचायत माँ कामाख्या धाम क्षेत्र के सैदपुर स्थित पंडित पुरवा में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। पेड़ पर पड़े झूले पर झूल रही छह वर्षीय मासूम खुशबू पुत्री राधेश्याम लोधी की पेड़ की भारी टहनी टूटकर गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुशबू अपने घर के पास अन्य बच्चों के साथ पेड़ पर पड़े झूले पर झूल रही थी। इसी दौरान अचानक पेड़ की एक भारी टहनी टूटकर सीधे झूले पर आ गिरी। टहनी की चपेट में आने से खुशबू गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मासूम लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे निजी वाहन से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद बालिका को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। माता-पिता सहित अन्य परिजनों का विलाप देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों की भी आंखें नम हो गईं।मासूम खुशबू की असामयिक मौत की खबर गांव पहुंचते ही पूरे पंडित पुरवा में मातम छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण शोकाकुल परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाने लगे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गहरा दुख और शोक का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में पुराने पेड़ों की सूखी एवं कमजोर टहनियां कभी भी टूट सकती हैं। ऐसे में पेड़ों पर झूला डालने से पहले उनकी स्थिति की जांच कर लेना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *