ताहिर सिद्दीकी बकेवर जनपद फतेहपुर

24 घंटे में खुला बकरी चोरी का राज, दो चोर दबोचे
बिक्री की फिराक में ले जा रहे थे चोरी की बकरी, पुलिस ने दबोचा
वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त
फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई बकरी चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई बकरी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली। आरोपित चोरी की बकरी बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।पुलिस के अनुसार, शाहजहांपुर गांव निवासी अनिल कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि 31 जुलाई की दोपहर घर के बाहर बंधी उनकी बकरी को बाइक सवार दो युवक चोरी कर ले गए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शनिवार तड़के शाहजहांपुर-इंद्रा मोड़ के पास घेराबंदी कर राजकुमार और कृष्णा प्रजापति, दोनों निवासी पधारा, थाना बकेवर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की गई बकरी तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई।पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने घर के बाहर बंधी बकरी को मोटरसाइकिल से चोरी किया था और उसे बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में से एक के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
