भारत का पहला डायवू एक्सपीरियंस स्टोर गाजियाबाद में खुला, 2027 तक 100 स्टोर खोलने की तैयारी

ईबीजी ग्रुप का ₹150 करोड़ निवेश, दक्षिण कोरियाई तकनीक वाले घरेलू उपकरण अब भारतीय उपभोक्ताओं के और करीब


गाजियाबाद। प्रीमियम घरेलू उपकरणों के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए ईबीजी ग्रुप ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम में भारत का पहला डायवू एक्सपीरियंस स्टोर शुरू किया है। 3,200 वर्गफुट में फैले इस फ्लैगशिप स्टोर का उद्घाटन अभिनेता मुरली शर्मा ने किया। इस अवसर पर पोस्को इंटरनेशनल के प्रतिनिधि, ईबीजी ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, डीलर और ग्राहक उपस्थित रहे।
इस अत्याधुनिक स्टोर में उपभोक्ता डायवू के रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, एयर कंडीशनर, डिशवॉशर, माइक्रोवेव ओवन, टेलीविजन, किचन अप्लायंसेज सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का प्रत्यक्ष अनुभव कर सकेंगे। स्टोर में लाइव डेमो, विशेषज्ञ परामर्श और बेहतर आफ्टर-सेल्स सेवा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
ईबीजी ग्रुप के संस्थापक डॉ. इरफान खान ने कहा कि भारत में पहला डायवू एक्सपीरियंस स्टोर कंपनी की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनका लक्ष्य डायवू को देश के सबसे भरोसेमंद उपभोक्ता उपकरण ब्रांडों में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि कंपनी भारतीय ग्राहकों को विश्वस्तरीय तकनीक और उत्कृष्ट खरीदारी अनुभव उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह पहल ईबीजी ग्रुप और पोस्को इंटरनेशनल के बीच हुए रणनीतिक लाइसेंसिंग समझौते के तहत शुरू की गई है। इसके अंतर्गत ईबीजी ग्रुप भारत में डायवू के प्रमुख घरेलू उपकरणों के विनिर्माण, वितरण और रिटेल विस्तार का नेतृत्व करेगा।
कंपनी ने उत्पाद विकास, रिटेल विस्तार, वितरण नेटवर्क को मजबूत करने और नए उत्पादों के विकास के लिए ₹150 करोड़ निवेश करने की घोषणा की है। साथ ही वर्ष 2027 तक देशभर में करीब 100 डायवू एक्सपीरियंस स्टोर स्थापित करने की योजना बनाई गई है। कंपनी अपने विस्तार के लिए कंपनी संचालित स्टोर, ई-कॉमर्स, क्विक कॉमर्स, जनरल ट्रेड और प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेल नेटवर्क का सहारा लेगी।
‘मेक इन इंडिया’ अभियान के अनुरूप डायवू के उत्पाद भारत में आयातित पुर्जों के साथ असेंबल किए जाएंगे और धीरे-धीरे स्थानीयकरण बढ़ाया जाएगा। इससे विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, रिटेल और आफ्टर-सेल्स सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
ईबीजी ग्रुप ने भविष्य में ‘डायवू वन’ नामक एआई और आईओटी आधारित स्मार्ट होम इकोसिस्टम भी लॉन्च करने की योजना की घोषणा की है, जिससे विभिन्न घरेलू उपकरण एक-दूसरे से जुड़े होंगे और उपभोक्ताओं को स्मार्ट, ऊर्जा-कुशल एवं टिकाऊ जीवनशैली का अनुभव मिलेगा।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *