गोंडा। बस्ती-अयोध्या-गोंडा हाईवे पर रविवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने कहर बरपाया। नवाबगंज थाना क्षेत्र में नए सरयू पुल के पास महेशपुर गांव के निकट ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के गुलहरिया थाना क्षेत्र के सरैया बाजार निवासी 28 वर्षीय आकाश यादव के रूप में हुई है। घायल 26 वर्षीय रवि कनौजिया की हालत गंभीर है। दोनों युवक अयोध्या में मजदूरी करते थे और काम पर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 7 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और युवकों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे समाजसेवी रितेश मिश्रा ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों को दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। रवि का इलाज जारी है।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। नवाबगंज पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

24 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *