पवन कुमार तहसील लखीमपुर खीरी

कुकरा (खीरी)। ब्लॉक बांकेगंज के कस्बा कुकरा में आर्य समाज मंदिर के उत्तर दिशा स्थित लज्जावती के मकान के सामने लगा बिजली का ट्रांसफार्मर पिछले पांच दिनों से फुंका पड़ा है। इसके चलते पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप है और लोग भीषण उमस, अंधेरे व गर्मी के बीच नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर फुंकने की सूचना समय रहते बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दे दी गई थी, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। शिकायत करने पर केवल जल्द बिजली आने और रोस्टिंग का हवाला देकर लोगों को टाल दिया जाता है।
बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों और मरीजों की देखभाल के साथ-साथ घरेलू कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सावन के उमस भरे मौसम में रातें काटना लोगों के लिए किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं है। सबसे हैरानी की बात यह है कि आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य है, जबकि यह मोहल्ला लगातार अंधेरे में डूबा हुआ है।
मोहल्लेवासियों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विद्युत निगम के उच्च अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेने, नया ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
वर्जन–जेई बांकेगंज कामता प्रसाद वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में पहले से है देख रहा हूं समस्या को जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा।
