आयुक्त की अध्यक्षता में जनसुनवाई, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई से बढ़ा महिलाओं का भरोसा

माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद से महिलाओं की शिकायत हो रहा निस्तारण
गोण्डा, 03 अगस्त 2026 देवीपाटन मण्डल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में सोमवार को “माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में पूर्व में प्राप्त शिकायतों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा भी की गई। सेवा पखवाड़ा-2025 के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में अनियमितता की शिकायत पर जिला विद्यालय निरीक्षक, गोण्डा की जांच में प्रतियोगिता के संचालन से जुड़े वाहन चालक रवि कुमार यादव की पत्नी एवं पुत्र का नाम विजेता सूची में शामिल पाया गया। स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने पर उन्हें सभी कार्यों से मुक्त कर मूल विद्यालय भेजा गया तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति के आधार पर संयुक्त शिक्षा निदेशक, देवीपाटन मण्डल द्वारा उन्हें निलंबित कर जिला विद्यालय निरीक्षक, श्रावस्ती से संबद्ध कर दिया गया।

वहीं, तहसील तरबगंज के ग्राम किंधौरा पूरे जयपत्तर निवासी नीलम की सीमा विवाद संबंधी शिकायत का भी सफलतापूर्वक निस्तारण कराया गया। तहसीलदार की जांच में भूमि की सीमा को लेकर विवाद की पुष्टि होने पर राजस्व अधिकारियों ने मौके पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौता कराकर विवाद समाप्त करा दिया। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में दोनों पक्षों के बीच कोई विवाद शेष नहीं है।

मण्डल प्रशासन का कहना है कि “माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद” महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी मंच बन चुका है। राशन कार्ड, आय प्रमाण पत्र, वरासत, भूमि विवाद, घरेलू उत्पीड़न, पेंशन तथा अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामलों में लगातार प्रभावी कार्रवाई कर महिलाओं को शीघ्र राहत दिलाई जा रही है, जिससे प्रशासन के प्रति उनका विश्वास निरंतर मजबूत हो रहा है।
आज माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद में कुल 40 शिकायतों का निस्तारण किया गया। गोंडा रिपोर्टर मदनलाल

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed