नरेश ओमर पत्रकार ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर

50 हजार की रिश्वत लेते मनरेगा ऑपरेटर गिरफ्तार, एंटी करप्शन का बड़ा ट्रैप, हथगांव ब्लॉक में मचा हड़कंप

फतेहपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रयागराज की एंटी करप्शन टीम ने सोमवार को हथगांव विकास खंड मुख्यालय में तैनात संविदा कर्मी मनरेगा ऑपरेटर हाफिजुर रहमान को ₹50 हजार की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पूरे ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूत्रों के अनुसार, एंटी करप्शन टीम करीब एक घंटे पहले से सिविल ड्रेस में ब्लॉक परिसर में मौजूद थी। आरोप है कि सुरजीपुर ग्राम पंचायत के प्रधान संतोष कुमार यादव से विकास कार्यों के लंबित भुगतान को जारी कराने के नाम पर ₹50 हजार की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।सोमवार को पूर्व निर्धारित योजना के तहत प्रधान ने ऑपरेटर को ₹50 हजार दिए। जैसे ही उन्होंने बाहर निकलकर तयशुदा संकेत दिया, टीम ने तत्काल दबिश देकर मनरेगा ऑपरेटर को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से ₹50 हजार नकद बरामद किए गए। इसके बाद टीम उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।ग्राम प्रधान संतोष कुमार यादव का आरोप है कि उनकी ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित था और भुगतान जारी कराने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले इसकी शिकायत एंटी करप्शन संगठन से की गई थी, जिसके आधार पर यह ट्रैप कार्रवाई की गई।कार्रवाई के दौरान एडीओ पंचायत डॉ. अनुपम शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनभावन शास्त्री सहित कई कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। वहीं खंड विकास अधिकारी राहुल मिश्रा घटना के समय ब्लॉक मुख्यालय में मौजूद नहीं थे।घटना के बाद पूरे ब्लॉक परिसर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एंटी करप्शन टीम मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *