गोपालगंज चौराहे पर हादसा, सूचना मिलते ही विधायक पहुंचे सीएचसी; सीएमओ से फोन पर वार्ता कर बेहतर इलाज के निर्देश

अनिल यादव मवई अयोध्या एम डी न्यूज
रुदौली कोतवाली क्षेत्र के गोपालगंज चौराहे पर मंगलवार रात करीब आठ बजे दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार हादसे में शिवदयाल रावत (35) पुत्र राम अभिलाख, निवासी ग्राम सराय मंझन की मौत हो गई। वहीं विशाल (22) पुत्र जागेश्वर एवं रोहित (22) पुत्र पुत्तूर, निवासी ग्राम सराय मुगल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिवदयाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में विशाल और रोहित को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक के पिता राम अभिलाख ने बताया कि उनका बेटा अपनी ससुराल रसूलपुर खुर्द जा रहा था। उनकी बहू कमला देवी के प्रसव के दौरान एक सप्ताह पूर्व नवजात की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद वह दवा देने जा रहा था। इसी दौरान गोपालगंज चौराहे के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और घायलों का हालचाल जाना। विधायक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से फोन पर वार्ता कर घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
