दोहरी हत्या के आरोपों के बीच एसएस हॉस्पिटल सील, स्वास्थ्य विभाग की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज।

खैर। अलीगढ़-पलवल रोड स्थित एसएस हॉस्पिटल में प्रसूता महिला की मौत के बाद उठे विवाद के बीच स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को अस्पताल को सील कर दिया। साथ ही अस्पताल का बिना पंजीकरण एवं आवश्यक चिकित्सीय शैक्षिक योग्यता के अभाव में संचालन किए जाने के आरोप में संचालकों के खिलाफ खैर कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार 5 अगस्त की शाम करीब 6 बजे अलीगढ़-पलवल रोड स्थित एसएस हॉस्पिटल में भमरोला निवासी सत्यवती की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल संचालक और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका के पति पंकज ने घटना की सूचना खैर पुलिस एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दी।
सूचना मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैर के अधीक्षक डॉ. रोहित भाटी और खैर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान अस्पताल बंद मिला तथा अस्पताल का स्टाफ ताला लगाकर फरार हो चुका था। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के अगले दिन 6 अगस्त को उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी अलीगढ़ डॉ. सुमित शर्मा एवं सीएचसी खैर के अधीक्षक डॉ. रोहित भाटी ने खैर कोतवाली में लिखित तहरीर देकर बताया कि अस्पताल का संचालन बिना वैध पंजीकरण तथा आवश्यक चिकित्सीय शैक्षिक दस्तावेजों के अभाव में किया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा कर उसे सील कर दिया तथा संचालकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की संस्तुति की।
खैर के क्षेत्राधिकारी अभिषेक पटेल ने बताया कि 5 अगस्त को अस्पताल में प्रसूता महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से बिना पंजीकरण एवं आवश्यक शैक्षिक दस्तावेजों के अभाव में अस्पताल संचालन की तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर अस्पताल संचालकों के विरुद्ध खैर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उधर, महिला की मौत के मामले में परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के साथ दोहरी हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, स्वास्थ्य विभाग की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed