कोटवा धाम के प्राचीन पवित्र कुंड का होगा विकास ऐतिहासिक स्वरूप रहेगा सुरक्षित
बाराबंकी, 08 अगस्त 2026। सिरौलीगौसपुर तहसील स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कोटवा धाम में पर्यटन विकास के साथ अब प्राचीन पवित्र कुंड के विकास एवं संरक्षण की भी पहल की जा रही है जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कोटवा धाम पहुंचकर प्राचीन कुंड का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंड की ऐतिहासिकता एवं पवित्रता को बनाए रखते हुए विकास कार्य कराए जाएं और इसकी मूल संरचना से किसी प्रकार का समझौता न हो।
डीएम ने सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कुंड के समीप महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्थायी बैरिकेडिंग की व्यवस्था कराने को कहा।उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में श्रद्धालुओं की सुविधा और प्राचीन धरोहर के संरक्षण का संतुलन बनाए रखना जरूरी है। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए गए।कोटवा धाम में लगभग 356 वर्ष पुराना समर्थ साहेब बाबा जगजीवन दास जी का मंदिर एवं समाधि स्थल स्थित है। मुख्यमंत्री पर्यटन विकास परियोजना के तहत यहां करीब 202.51 लाख रुपये की लागत से पर्यटन एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्य स्वीकृत हैं।
इस दौरान डीएम ने कोटवा धाम मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। मौके पर एसडीएम अनिल सरोज, सीएनडीएस प्रोजेक्ट मैनेजर देवब्रत पवार, महंत नीलेश दास सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा

![]()
