जलभराव से तालाब बना प्राथमिक विद्यालय सतोरा
गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंचने को मजबूर नौनिहाल
पनवाड़ी(महोबा ) पनवाड़ी विकास खण्ड क्षेत्र के ग्राम सतोरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है। विद्यालय परिसर और प्रवेश मार्ग पर पानी भर जाने से पूरा स्कूल तालाब जैसा दिखाई देने लगा है। मजबूरी में छात्र-छात्राओं को गंदे एवं प्रदूषित पानी से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
शुक्रवार को जागरूक ग्रामीणों ने पूरे मामले से मीडिया को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों ने जलभराव की तस्वीरें अपने कैमरों में कैद कीं और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मृदुल गुप्ता ने बताया कि शिक्षण सत्र शुरू होते ही पंचायत सचिव को जलभराव की समस्या से अवगत करा दिया गया था। इसके बावजूद ग्राम पंचायत की ओर से लगातार केवल आश्वासन ही मिलता रहा और समय पर समस्या का समाधान नहीं कराया गया, जिसके कारण आज यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
खण्ड शिक्षा अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि विद्यालयों में जहां-जहां इस प्रकार की समस्याएं थीं, उनकी जानकारी शिक्षण सत्र के शुरुआती दिनों में ही जिला पंचायत राज अधिकारी को भेज दी गई थी तथा संबंधित ग्राम पंचायतों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया था।
वहीं एडीओ पंचायत कमलेश कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। एस्टीमेट (प्राक्कलन) तैयार कराया जा रहा है और शीघ्र ही समस्या के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।
विद्यालय में कुल 27 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें अंगद (कक्षा 4), परी (कक्षा 3) और अवनी (कक्षा 2) सहित अन्य बच्चों को प्रतिदिन गंदे पानी से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए जलभराव की समस्या का तत्काल स्थायी समाधान कराया जाए।
अरबाज़ हाशमी
जिला ब्यूरो चीफ, एमडी न्यूज़

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *