बांसी-मिठवल मार्ग के लिए 28 करोड़, भड़रिया-बढ़नीचाफा मार्ग को 24.58 करोड़ की स्वीकृति
रिपोर्टर अनमोल श्रीवास्तव
सिद्धार्थनगर। बांसी के राजा रतनसेन डिग्री कॉलेज में रविवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की तीन क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण की घोषणा करते हुए उनके लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री की घोषणा से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई और उपस्थित जनसमूह ने जयकारे लगाकर उनका आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बांसी-मिठवल मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण के लिए 28 करोड़ रुपये, डुमरियागंज क्षेत्र के भड़रिया-बढ़नीचाफा मार्ग के लिए 24.58 करोड़ रुपये तथा इटवा क्षेत्र के क्षतिग्रस्त बढ़या-गौरा बाजार मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने डुमरियागंज की जनता की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र की जनहित से जुड़ी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा गया था, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक पहल करते हुए भड़रिया-बढ़नीचाफा मार्ग के चौड़ीकरण एवं उच्चीकरण की घोषणा की है।
पूर्व विधायक ने बताया कि इसके अलावा चौखड़ा से गालापुर तथा पथरा बाजार से डिड़ई मार्ग के चौड़ीकरण एवं उच्चीकरण के लिए भी मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्यवाही के आदेश देते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि डुमरियागंज क्षेत्र की जनता की मूलभूत सुविधाओं और विकास से जुड़ी मांगों को शासन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री द्वारा मांगों पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्यवाही के निर्देश दिए जाने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश ओझा, चेयरमैन धर्मराज वर्मा, चंद्र प्रकाश वर्मा सहित क्षेत्रीय लोगों ने पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें जनता की आवाज मजबूती से उठाने के लिए साधुवाद दिया। साथ ही डुमरियागंज की मांगों पर तत्काल संज्ञान लेकर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया।
पूर्व विधायक ने कहा कि डुमरियागंज के विकास की यह पहल एक बार फिर साबित करती है कि जब नेतृत्व मजबूत हो और मुख्यमंत्री का आशीर्वाद साथ हो तो विकास रुकता नहीं, बल्कि और तेज गति से आगे बढ़ता है।

![]()
