एमडी न्यूज ब्यूरो गोंडा- अजीत यादव

गौरा विधानसभा (गोंडा)- देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर आजादी के पावन महापर्व स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मंगलवार को गौरा विधानसभा क्षेत्र के मसकनवां मंडल में भव्य तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा में गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने सम्मिलित होकर क्षेत्रवासियों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
भव्य तिरंगा पदयात्रा डा० सी०बी० शुक्ला इंटर कॉलेज, भिखारीपुर से प्रारंभ होकर मसकनवां बाजार (फॉर्म हाउस) तक पहुंची। इसके पश्चात पदयात्रा पुनः डा० सी०बी० शुक्ला इंटर कॉलेज, भिखारीपुर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। पदयात्रा के दौरान हाथों में राष्ट्रध्वज और हृदय में भारत माता के प्रति अटूट श्रद्धा लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, युवा, विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो गया। तिरंगे की आन, बान और शान के साथ निकली इस पदयात्रा ने क्षेत्र में एकता, देशभक्ति और राष्ट्रगौरव का संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, त्याग, बलिदान और स्वाभिमान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहा हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने का जन-अभियान बन चुका है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर प्रत्येक घर में तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट करें। उन्होंने कहा कि आज का युवा और विद्यार्थी वर्ग राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। तिरंगा पदयात्रा में बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों की भारी भागीदारी यह दर्शाती है कि प्रधानमंत्री जी के राष्ट्रप्रेम और विकसित भारत के संकल्प से समाज का प्रत्येक वर्ग जुड़ रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला महामंत्री राकेश तिवारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाबू यादव, अभिमन्यु पटेल, राधिका देवी, जितेंद्र पांडेय, श्याम नारायण वर्मा, वेद प्रकाश शुक्ला, विक्रम प्रसाद वर्मा, लाल बाबू वर्मा, प्रशांत पटेल, कमलेश पांडेय, इरशाद अहमद, विनय वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, क्षेत्रवासी एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने पूरे उत्साह के साथ “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के बीच राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम का संकल्प लिया।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *