सोत नदी के पुनरुद्धार एवं कायाकल्प की कार्ययोजना 03 दिवस में उच्च स्तर को भेजने के निर्देश
रिपोर्ट मनीष कांत शर्मा

बदायूँ: 11 अगस्त। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सोत नदी के पुनरुद्धार एवं कायाकल्प के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर 03 दिवस के अंदर उच्च स्तर को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने राजस्व विभाग को सोत नदी के बहाव क्षेत्र का सीमांकन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नदी के पारिस्थितिक तंत्र एवं जैव विविधता संरक्षण, अतिक्रमण की रोकथाम के लिए सघन वृक्षारोपण, जल उपयोग दक्षता बढ़ाने के लिए फसल चक्र में परिवर्तन, मनरेगा के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन, ग्रे वाटर एवं सीवेज प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नदी प्रदूषण की निगरानी, डी-सिल्टेशन एवं जल प्रवाह प्रबंधन सहित विभिन्न कार्यों को कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भूजल पर निर्भरता कम करने के लिए चेक डैम, ड्रिप सिंचाई तथा मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने से संबंधित कार्ययोजनाएं भी तैयार करने को कहा। उन्होंने बताया कि अधिकांश विभागों द्वारा कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। नगर पालिका परिषद बदायूं, बिसौली तथा नगर पंचायत उसहैत एवं मुड़िया की कार्ययोजना प्राप्त न होने पर संबंधित अधिशासी अधिकारियों को 02 दिवस के अंदर कार्ययोजना उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए।
सीडीओ ने सभी प्रस्तावों का समेकन करते हुए अभिसरण एवं कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से सोत नदी के पुनरुद्धार की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए।
जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा के दौरान उन्होंने वर्ष 2026 में कराए गए वृक्षारोपण की जियो टैगिंग तत्काल पूर्ण कर इसकी सूचना प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा में सभी संबंधित विभागों को पर्यावरण से संबंधित विभिन्न प्रकार के वेस्ट की सूचना निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग विनीता सिंह, डीसी मनरेगा मीनाक्षी सक्सेना, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे अनुज प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी यावर अब्बास, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) अमित कुमार, एलबीसी राकेश मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed