एमडी न्यूज संवाददाता प्रशांत जैन बिल्सी बदायूं

बिल्सी ।बदायूं के बिल्सी के मोहल्ला नंबर-5 में सड़क तोड़ने के बाद मलबा नहीं हटाए जाने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में आक्रोश है। आवागमन बाधित होने से लोगों ने सड़क पर एकत्र होकर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन और संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क का मलबा कई दिनों से पड़ा होने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित है।

स्थानीय व्यापारी रमन माहेश्वरी ने बताया कि रास्ते में मलबा पड़ा होने से दुकानों तक ग्राहकों का आना-जाना बंद हो गया है। इससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। मोहम्मद जफर ने बताया कि मुख्य रास्ता बंद होने के कारण स्कूली बच्चों को स्कूल जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।

मोहम्मद हसन ने बताया कि सड़क 9 अगस्त को तोड़ी गई थी, लेकिन अब तक मलबा नहीं हटाया गया है। मोहल्लेवासियों और दुकानदारों ने चेतावनी दी कि जल्द मलबा हटाकर रास्ता चालू नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

बिल्सी नगर पालिका अध्यक्ष पति ओमप्रकाश सागर ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। इसी सप्ताह सड़क से मलबा हटवा दिया जाएगा। प्रदर्शन में जफर अली, मोहम्मद शकील, रमन कुमार, विकास माहेश्वरी, जरीफ मलिक, तेज माहेश्वरी, अंजू माहेश्वरी, नीरज कुमार, मोहम्मद तालिब, हसन अली, महावीर सागर आदि मौजूद रहे ।।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *