सरस्वती द्वार पर दर्दनाक हादसा, कांवड़ यात्रा पर निकले तीन युवकों की मौत
प्रयागराज। गंगानगर के थाना सराय इनायत क्षेत्र अंतर्गत सरपतीपुर स्थित सरस्वती द्वार गेट के पास सोमवार देर रात कांवड़ लेकर जा रहे बाइक सवार तीन लोगों की पानी वितरित करने वाले ऑटो से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर तीन लोग सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा। हादसे में शिव प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दोनों को भी मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान शिव प्रकाश निवासी थरवई, अशोक कुमार निवासी फाफामऊ तथा लल्लू निवासी थरवई के रूप में बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल बाइक का नंबर UP70J C3977 बताया गया है। घटना के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
रिपोर्ट: अनुज कुमार

![]()
