बरेली। सावन के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर सोमवार को बरेली में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहर के प्रमुख नाथ मंदिरों में सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा शहर शिवमय नजर आया।

हरिद्वार और कछला से गंगाजल लेकर पहुंचे हजारों कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने दूध, गंगाजल, बेलपत्र, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना की। नाथ मंदिरों के आसपास भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़ियों के पहुंचने से शहर की सड़कों पर भी भक्तों की भीड़ दिखाई दी। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए। बरेली में शिवभक्तों के स्वागत में पुष्पवर्षा भी की गई।
सुबह से लेकर दिनभर मंदिरों में जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला। सावन के तीसरे सोमवार ने पूरे बरेली को भक्ति के रंग में रंग दिया।
संवाददाता जितेंद्र कुमार गौतम व सहयोगी सुमन भारती की रिपोर्ट
![]()
