एचडी न्यूज़ से संवाददाता जितेंद्र कुमार गौतम व कैमरामैन सुमन भारती की रिपोर्ट

बरेली। सावन के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर पिछले वर्ष की भांति इस बार भी बरेली में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के प्रमुख शिव मंदिरों एवं बदायूं रोड स्थित कांवड़ मार्ग पर पहुंचकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की।
इस दौरान मंडलायुक्त शंभू कुमार, डीआईजी अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एसएसपी अनुराग आर्य, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी इशिता किशोर, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा, शिवम आशुतोष सिंह, तहसीलदार भानु प्रताप, नायब तहसीलदार विदित कुमार, और अंशिका वशिष्ठ सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बारी-बारी से बरेली शहर के सप्तनाथ मंदिरों, बदायूं रोड स्थित मंदिर मार्ग सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पहुंचकर हरिद्वार, कछला एवं अन्य गंगाघाटों से पवित्र जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। अधिकारियों की ओर से किए गए स्वागत से कांवड़ियों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। इस दौरान हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उनकी सुरक्षित यात्रा और भगवान शिव के जलाभिषेक की मंगलकामना की। वहीं, कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की।
सावन के तीसरे सोमवार को शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।
![]()
