फतेहपुर आम जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सोमवार को तहसील बिंदकी के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। स्वतंत्रता दिवस होने के कारण माह का तृतीय शनिवार स्थगित होने से आज समाधान दिवस आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से की।
गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर दिया जोर
फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें। लापरवाही या समय पर संज्ञान न लेने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि शासकीय कार्यों में ढिलाई किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
86 शिकायतें आईं 13 का मौके पर निस्तारण
आज के समाधान दिवस में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री आवास, वृद्धा, दिव्यांग, निराश्रित महिला पेंशन, सिंचाई, नलकूप, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 86 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसमें से 13 शिकायतों का मौके परही अधिकारियों द्वारा निस्तारण कर दिया गया। शेष 73 प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए समय सीमा के अंदर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। लगे सरकारी योजनाओं के स्टाल
डीएम के निर्देशन में समाधान दिवस स्थल पर सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए। इन स्टालों के माध्यम से आम लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई और आवेदन भी लिए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिंदकी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीसी मनरेगा, उप निदेशक कृषि, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, एलडीएम, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ईओ, खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()
