फरधान । लखीमपुर खीरी के कैमहरा गांव में हल्की बारिश होते ही जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन जाती है। बारिश के बाद गांव की कई सड़कों पर पानी इस कदर जमा हो जाता है कि यहां स्विमिंग पूल जैसा नजारा दिखाई देने लगता है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में जल निकासी के लिए बनाई गई कई नालियां सड़क के स्तर से ऊंची हैं। इसके चलते बारिश का पानी नालियों में जाने के बजाय सड़कों और आसपास के रास्तों पर जमा हो जाता है। थोड़ी सी बारिश के बाद ही राहगीरों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण आवागमन में परेशानी के साथ-साथ गंदगी और मच्छरों की समस्या भी बढ़ रही है। लंबे समय से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से गांव की जल निकासी व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कराकर नालियों को सड़क के स्तर के अनुरूप कराने तथा पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कैमहरा गांव की इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर कब तक समाधान कराते हैं।

![]()
