हाथरस। पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस कार्यालय के मीटिंग हॉल में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, डिजिटल वॉरियर एवं कंटेंट क्रिएटर्स के साथ बैठक कर सोशल मीडिया के जिम्मेदार एवं सकारात्मक उपयोग पर चर्चा की।


बैठक में साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियम, सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव और सामाजिक सद्भाव से जुड़े जागरूकता संदेश सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित करने की अपील की गई। एसपी ने कहा कि किसी भी खबर या वीडियो को वायरल करने से पहले तथ्यों की पुष्टि जरूर करें और भ्रामक अथवा संवेदनशील सामग्री के प्रसार से बचें।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग केवल वायरल होने के लिए नहीं, बल्कि समाज को जागरूक, सुरक्षित और जोड़ने के लिए किया जाना चाहिए। पुलिस और जनता के बीच संवाद एवं सहयोग मजबूत करने में डिजिटल क्रिएटर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बैठक में डिजिटल क्रिएटर्स ने भी अपने सुझाव साझा किए और पुलिस के जनजागरूकता अभियानों में सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान सकारात्मक एवं सामाजिक कार्यों के लिए वर्षा जादौन, अनीता चौधरी उर्फ अन्नू, गोपाल उपाध्याय और हरेंद्र सिंह को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस का संदेश: “सत्यापित सूचना, जिम्मेदार कंटेंट और सकारात्मक सोच के साथ सोशल मीडिया को सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाएं।”
रिपोर्ट राजा पाठक
![]()
