धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
महराजगंज, 25 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पूर्व जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आईं बालिकाओं और युवतियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को राखी बांधी तथा मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस आत्मीय और भावनात्मक अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी बहनों का स्नेहपूर्वक स्वागत करते हुए उनके सुखद, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चियों और युवतियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उनकी शिक्षा, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा पढ़ाई और करियर को लेकर प्रेरणादायक चर्चा की। जिलाधिकारी ने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। उन्होंने सभी छात्राओं को बेहतर शिक्षा ग्रहण कर अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी सोगरवाल ने कहा कि जनपद की बेटियां और बहनें परिवार एवं समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनकी सुरक्षा, शिक्षा और सर्वांगीण विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बच्चियों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता होने पर वे निःसंकोच प्रशासन से संपर्क कर सकती हैं और जिला प्रशासन उनकी हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

रक्षाबंधन के इस विशेष अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी बहनों को राखी का शगुन भी प्रदान किया। शगुन प्राप्त कर बच्चियां और युवतियां काफी प्रसन्न एवं भावुक नजर आईं। उन्होंने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस आत्मीय मुलाकात को अपने जीवन की एक यादगार स्मृति बताया।
![]()
