गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी। पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मुहम्मद ﷺ की विलादत-ए-मुबारक की याद में जनपद लखीमपुर खीरी के नगर गोला गोकर्णनाथ में ईद-ए-मिलादुन्नबी का त्योहार बेहद अकीदत, एहतराम और जोश-ओ-खरोश के साथ मनाया गया। इस मुबारक मौके पर शहर के मुख्तलिफ इलाकों से बड़ी तादाद में अकीदतमंद एकत्र हुए और जुलूस-ए-मुहम्मदी में शिरकत की।

सुबह से ही नगर के मुस्लिम बहुल इलाकों में ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर खासा उत्साह नजर आया। घरों, मसाजिद और मदरसों को सजाया गया। जगह-जगह मिलाद की महफिलें आयोजित की गईं, जहां उलमा-ए-किराम ने पैगंबर हज़रत मुहम्मद की सीरत-ए-पाक, उनकी तालीमात, अखलाक और इंसानियत के पैगाम पर रोशनी डाली।

इसके बाद बड़ी तादाद में अकीदतमंद जुलूस की शक्ल में नगर की सड़कों पर निकले। जुलूस में बच्चे, नौजवान और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल रहे। हाथों में परचम और धार्मिक बैनर लिए अकीदतमंद नात-ए-पाक पढ़ते हुए आगे बढ़ते रहे। जुलूस के दौरान वातावरण नातिया कलाम और धार्मिक नारों से गूंजता रहा।

जुलूस नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। रास्ते में लोगों ने जुलूस का इस्तकबाल किया और अकीदतमंदों के लिए शर्बत, पानी तथा अन्य चीजों की सबीलें लगाईं। जगह-जगह लोगों ने फूलों की बारिश कर जुलूस का खैरमकदम किया।

इस मौके पर उलमा-ए-किराम ने कहा कि ईद-ए-मिलादुन्नबी हमें पैगंबर-ए-अकरम की सीरत और तालीमात पर अमल करने का पैगाम देती है। हमें उनकी जिंदगी से मोहब्बत, भाईचारा, इंसाफ, सब्र, रहमदिली और इंसानियत का सबक हासिल करना चाहिए।

जुलूस के दौरान नगर में अमनो-अमान और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई तथा जुलूस के रास्ते में यातायात को व्यवस्थित रखने के इंतजाम किए गए। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से प्रभारी निरीक्षक गोला अम्बर सिंह अपने दल-बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस टीम ने जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी और शांतिपूर्ण माहौल में आयोजन संपन्न कराया।

ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर पूरे नगर में मोहब्बत, भाईचारे, अमन और सौहार्द का पैगाम देखने को मिला। बड़ी तादाद में अकीदतमंदों की शिरकत से जुलूस-ए-मुहम्मदी में रौनक दिखाई दी और नगर का माहौल धार्मिक उत्साह से सराबोर नजर आया।

Loading

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed