मितौली खीरी, 26 अगस्त 2026। क्षेत्र में बजरखा प्रधान की कथित दबंगई से परेशान एक गरीब सब्जी विक्रेता के पलायन करने को मजबूर होने का मामला सामने आया है।

लखीमपुर खीरी जनपद के मितौली थाना क्षेत्र के बजरखा निवासी दयाराम ने आरोप लगाया है कि वह 25 अगस्त 2026 को पकरिया बाजार में सब्जी बेचकर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पिपरझला चौराहे के पास विपिन प्रधान अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचा और उसे रोककर कथित रूप से गाली-गलौज करने लगा।

दयाराम के मुताबिक, मौके पर विवाद बढ़ता देख आसपास के लोग एकत्र हो गए और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद दयाराम वहां से मुरासा रोड की ओर चला गया, लेकिन आरोप है कि पीछे से दोबारा आकर विपक्षी पक्ष ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। लोगों के हस्तक्षेप के बाद वह किसी तरह वहां से आगे बढ़ा।


पीड़ित का आरोप है कि जब वह रामपुर पीपर के पास पहुंचा तो पीछे से वाहन लेकर आए लोगों ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। जान बचाने के लिए दयाराम वहां से भागने लगा। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष के एक व्यक्ति ने तमंचा लेकर उसका पीछा किया। भयभीत दयाराम जान बचाने के लिए गन्ने के खेत में जाकर छिप गया। दयाराम के शोर मचाने पर आसपास के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वह किसी तरह अपने परिवार तक पहुंचा और पत्नी व बेटे को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों के पहुंचने के बाद दयाराम को सुरक्षित घर लाया गया।

घटना के बाद पीड़ित और उसके परिवार में भय और दहशत का माहौल बताया जा रहा है। दयाराम का कहना है कि वह गरीब है और सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। यदि इसी तरह उसके साथ दबंगई और धमकी का सिलसिला जारी रहा तो उसके सामने अपना घर छोड़कर पलायन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।

पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही उसने अपने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

हालांकि लगाए गए आरोपों की अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Loading

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed