धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
महराजगंज/कोठीभार। जनपद महराजगंज के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेसरारी छावनी टोला स्थित एक लीची के बागीचे में अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 31 अगस्त को करीब चार बजे पीआरवी के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम खेसरारी छावनी टोला में शक्ति सिंह पुत्र शीश सिंह के लीची के बागीचे में एक महिला का शव पेड़ से लटका हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष कोठीभार पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर महिला का शव लीची के पेड़ से लटका मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया और आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतका की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पुलिस कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मृतका की शिनाख्त पुलिस के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है।
थाना कोठीभार पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में भी महिला की पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
