अंबौर गौशाला में चारा-पानी की कमी, गोवंश की मौत व शव खुले में फेंकने के गंभीर आरोप; जांच और कार्रवाई की मांग

बाराबंकी। नवाबगंज तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत अंबौर स्थित गौशाला की कथित बदहाली को लेकर बजरंग सेवा दल संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने गौशाला में गोवंश की दुर्दशा, चारा-पानी की समुचित व्यवस्था न होने और गोवंश की मौत के बाद शव खुले में फेंके जाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए तहसीलदार भूपेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की।
संगठन के जिला अध्यक्ष गुलाब सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि अंबौर गौशाला में गोवंश की समुचित देखरेख नहीं हो रही है। चारा-पानी की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि गोवंश की मौत के बाद उनके शव खुले में फेंके जाते हैं। ज्ञापन के साथ संगठन ने फोटो और 28 अगस्त को प्रकाशित समाचार की प्रति भी साक्ष्य के तौर पर संलग्न किए हैं।
संगठन का आरोप है कि कार्यकर्ताओं को गौशाला की स्थिति देखने से भी रोका गया। मामले को लेकर कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से गौशाला का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति सामने लाने, गोवंश की देखरेख सुनिश्चित कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहसीलदार भूपेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपते समय बजरंग सेवा दल के पदाधिकारी युवा मोर्चा अध्यक्ष आशुतोष शुक्ला एवंअन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने स्पष्ट किया कि गौशालाओं में गोवंश की बेहतर व्यवस्था के लिए वह प्रशासन का सहयोग करता रहेगा। रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा
