
गौशालाओं की बदहाली पर गरजे गौरक्षक, विकास भवन में दिया धरना
राष्ट्रीय बजरंग दल ने पशुपालन विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप, सीडीओ को सौंपा शिकायत पत्र
रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं
बदायूं। जिले की गौशालाओं में गोवंश के रखरखाव, उपचार, चारा और संरक्षण की व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं एवं गौरक्षकों ने विकास भवन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पशुपालन विभाग पर गौशालाओं की व्यवस्थाओं में कथित लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग की।राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत महामंत्री पंकज गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य विकास अधिकारी, बदायूं को शिकायत पत्र सौंपा। पत्र में जिले की गौशालाओं में गोवंश के रखरखाव, उपचार, चारा, टैगिंग, रिकॉर्ड और नियमित निरीक्षण समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग उठाई गई।सड़क पर घूम रहे गोवंश को गौशालाओं में पहुंचाने की मांगसंगठन ने मांग की कि सड़कों पर विचरण करने वाले गोवंश को सुरक्षित रूप से गौशालाओं तक पहुंचाया जाए, ताकि सड़क हादसों में मानव जीवन के साथ-साथ गोवंश की भी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही सभी गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की गई।चारे और उपचार की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोरकार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिले की कुछ गौशालाओं में पर्याप्त चारा उपलब्ध नहीं होने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। उन्होंने गोवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में हरा चारा उपलब्ध कराने तथा बीमार और कमजोर पशुओं के उपचार की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

शिकायत पत्र में पशु चिकित्सकों द्वारा गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कराने, बीमार गोवंश के उपचार का रिकॉर्ड तैयार करने और दुर्घटनाग्रस्त पशुओं के उपचार एवं संरक्षण की व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी की गई।टैगिंग और सरकारी रिकॉर्ड का हो मिलानसंगठन ने गौशालाओं में मौजूद गोवंश की वास्तविक संख्या और सरकारी अभिलेखों में दर्ज संख्या का मिलान कराने की मांग उठाई। साथ ही सभी गोवंश की टैगिंग सुनिश्चित करने और रिकॉर्ड को पारदर्शी तरीके से अपडेट किए जाने की मांग की गई।इसके अलावा गौशालाओं में भूसा बैंक, हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता तथा सरकारी धन के कथित दुरुपयोग से संबंधित शिकायतों की जांच कराने की मांग भी शिकायत पत्र में शामिल रही।राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि गौशालाओं से संबंधित अभिलेखों और गोवंश की वास्तविक संख्या की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होनी चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में मांगों पर आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई तो आगे आंदोलन का निर्णय लिया जा सकता है।धरना-प्रदर्शन के दौरान पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा, विभाग महामंत्री अतुल बजरंगी, जिला अध्यक्ष करन दक्ष, जिला महामंत्री ऋतिक गुप्ता, श्याम शर्मा, दीपेश, सुनील यादव, शिवम सनातनी, अजय राजपूत, अंकेश, विकास कुशवाहा, विकास राजपूत, अनमोल, सुशील शर्मा और लालसिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
