ब्रेकिंग न्यूज़ मथुरा
एम डी न्यूज़ से संवाददाता-जितेंद्र ठाकुर आगरा मंडल ब्यूरो प्रमुख की रिपोट
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर ब्रज में उल्लास, जन्मभूमि पर उमड़ने लगी श्रद्धालुओं की भीड़
मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण के 5253वें जन्मोत्सव को लेकर ब्रजभूमि में उत्साह और उल्लास चरम पर पहुंचने लगा है। देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं का मथुरा पहुंचना लगातार जारी है। बुधवार को देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन के लिए पहुंचते रहे। जैसे-जैसे जन्माष्टमी का पर्व नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे मथुरा की सड़कों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान को जन्मोत्सव के लिए भव्य तरीके से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जन्मस्थान परिसर के आसपास का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आ रहा है। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के साथ ही जन्मोत्सव की तैयारियों को देखकर उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।
जन्मस्थान के आसपास स्थित दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। कोई भगवान श्रीकृष्ण और लड्डू गोपाल के आकर्षक पोशाक खरीद रहा है तो कोई पूजा सामग्री और प्रसाद ले रहा है। दुकानदारों के अनुसार, पर्व को लेकर खरीदारी के लिए बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने भी व्यापक इंतजाम किए हैं। जन्मस्थान सहित प्रमुख मार्गों, चौराहों और धार्मिक स्थलों के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं।
मथुरा में श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है और आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। पूरा ब्रज क्षेत्र इस समय भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में रंगा नजर आ रहा है।

