ब्रेकिंग न्यूज़
एम डी न्यूज़ मथुरा से संवाददाता-जितेंद्र ठाकुर उत्तर प्रदेश सहायक ब्यूरो प्रमुख की रिपोट
तेज रफ्तार बाइक पिलर से टकराई: दो दोस्तों की मौत, एक अविवाहित तो दूसरा दो बच्चों का पिता
मथुरा। धोरौरा के पास इंडियन पेट्रोल पंप के समीप सोमवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पिलर से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों वृंदावन की परिक्रमा करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान जमुनापार क्षेत्र के लोहवन निवासी रवि गुप्ता (30) और गौरव गुप्ता (28) के रूप में हुई है। रवि गुप्ता की अभी शादी नहीं हुई थी, जबकि गौरव गुप्ता शादीशुदा थे और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। हादसे में दोनों दोस्तों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। वहीं गौरव की मौत से उनकी पत्नी और मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
बताया गया कि दोनों दोस्त सोमवार को वृंदावन गए थे। वहां परिक्रमा करने के बाद देर रात बाइक से अपने गांव लोहवन लौट रहे थे। धरौरा के पास इंडियन पेट्रोल पंप के समीप बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बाइक सड़क किनारे लगे पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
दो युवकों की एक साथ मौत की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां चीख-पुकार मच गई। रिश्तेदार और ग्रामीण परिवारों को सांत्वना देने में जुटे रहे। गौरव के दो छोटे बच्चों को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
सीओ सदर वरुण मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक की तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

