ब्रेकिंग न्यूज़
एम डी न्यूज़ मथुरा से संवाददाता-जितेंद्र ठाकुर उत्तर प्रदेश सहायक ब्यूरो प्रमुख की रिपोट

सत्य निकेतन इमारत हादसे के विरोध में एनएसयूआई छात्रों का प्रदर्शन, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग
मथुरा। दिल्ली के सत्य निकेतन में हुई दर्दनाक इमारत दुर्घटना के विरोध में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने बीएसए रोड स्थित बीसीए कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों ने हादसे पर आक्रोश जताते हुए घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सत्य निकेतन में इमारत हादसा बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। छात्रों के मुताबिक हादसे में मृतकों की संख्या सात तक पहुंच गई है। इसके बावजूद यदि जर्जर और असुरक्षित भवनों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं। छात्रों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और देशभर में जर्जर भवनों को चिन्हित कर तत्काल सुरक्षा संबंधी कदम उठाने की मांग की।
एनएसयूआई कार्यकर्ता हर्ष चौरसिया ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी छात्र या नागरिक की जान प्रशासनिक लापरवाही, भवनों की खराब स्थिति या सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण नहीं जानी चाहिए। प्रशासन को हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से ही ऐसे भवनों की पहचान कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
छात्रा परी कुमारी ने कहा कि जर्जर भवनों को लेकर प्रशासन को गंभीरता से अभियान चलाने की जरूरत है। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भवनों की सुरक्षा जांच नियमित रूप से होनी चाहिए। यदि किसी भवन में खामी मिलती है तो उसे तत्काल खाली कराकर मरम्मत अथवा आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। छात्रों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने प्रशासन से सभी जर्जर भवनों का सर्वे कराने, निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *